ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने कार से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक चाभी का गुच्छा बरामद किया, लेकिन पुलिस इस बात से इंकार कर कर रही है। स्टूडियो संचालक के पिता ने थाने में तहरीर दी है।
कार किसी डिप्टी जेलर की होने की बात कही जा रही है। उस पर पुलिस का निशान बना है। भदोखर गांव निवासी कमलेश कुमार पुत्र सरवन भदोखर कस्बे में स्टूडियो चलाता है। मंगलवार की देर शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया।
रात करीब दो बजे प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक बेकाबू कार पहले सड़क किनारे बने एक ट्रीगार्ड से टकराई, इसके बाद स्टूडियो में घुस गई। टीनशेड के दो खंभे टूट गए। सामान इधर उधर हो गया।
करीब 10 हजार का नुकसान हुआ। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जग गए।
कार सवार चार लोगों को दबोच लिया। चारों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सुबह जब ग्रामीण थाने पहुंचे तब पता चला कि चारों आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गए हैं। एसओ एसएन यादव ने बताया कि घटना की जानकारी है।
कार से कुछ बरामद नहीं हुआ था, न ही किसी को पकड़ा गया है। कार किसकी है, कहां से लाई गई। इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।