रायबरेली। टीजीटी परीक्षा के दौरान नकल के लिए डिवाइस लेकर जाने की कोशिश में पकड़े गए युवक के खिलाफ सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया और वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बृहस्पतिवार को शहर स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में टीजीटी परीक्षा हुई थी। परीक्षा केंद्र में घुसने से पहले अभ्यर्थियों की चेकिंग हो रही थी। इस दौरान पुलिस ने फतेहपुर ताल के सहावपुर मसनी नवाबगंज प्रयागराज निवासी भईया राम को संदेह के आधार पर पकड़ लिया।
पुलिस की पकड़ में आते ही भईया राम की तबीयत खराब हो गई। इसपर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर इलाज के बाद पुलिस उसे लेकर सदर कोतवाली पहुंची। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की और पता लगा कि युवक डिवाइस के सहारे परीक्षा में नकल करने की फिराक में था।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि युवक को जेल भेज दिया गया है।