रायबरेली। शहर क्षेत्र में मंगलवार को स्कूटी सवार को बचाने में पुलिस जीप पलट गई। इससे उस पर सवार ट्रैफिक इंचार्ज समेत तीन पुलिस कर्मी को चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस जीप चार बार पलटी।
गनीमत रही कि ट्रैफिक इंचार्ज व चालक ने सीट बेल्ट लगाई थी। जिसकी वजह से जान बच गई। यातायात प्रभारी प्रशांत सिंह भदौरिया डिग्री कॉलेज से सिविल लाइंस होते हुए रतापुर की तरफ जा रहे थे। ओवरब्रिज पर सामने से स्कूटी सवार युवक आ रहा था।
उसे बचाने के चक्कर में चालक विनीत यादव ने ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से पुलिस जीप डिवाइडर पर चढ़ गई और चार बार पुलिस पलटी खाई। घटना देख आसपास के लोग दौड़े।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी को बाहर निकाला गया। हादसे में ट्रैफिक इंचार्ज के अलावा चालक विनीत यादव और होमगार्ड गिरजेश सिंह को चोटें आई। यातायात प्रभारी का कहना है कि हम लोग सीट बेल्ट लगाए थे, जिसकी वजह से जान बच गई।