यह हादसा उस समय हुआ, जब वह चुनाव ड्यूटी पत्र लेने के बाद साइकिल से घर जा रहा था। भदोखर थाना क्षेत्र के मनेहरू गांव रामलाल (45) लोक निर्माण विभाग में बेलदार था। पंचायत चुनाव में उसकी ड्यूटी लगी थी।
गुरुवार सुबह वह गोरा बाजार स्थित विभागीय कार्यालय ड्यूटी पत्र लेने आया था। ड्यूटी पत्र लेने के बाद रामलाल साइकिल से घर जा रहा था।
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर सिविल लाइंस स्थित पुलिस बूथ के पास एनटीपीसी ऊंचाहार की स्कूली बस ने उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गई। इससे बेलदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज अरविंद पांडेय ने घायल बेलदार को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्र का कहना है कि बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।