रायबरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के बरखापुर में निर्माणाधीन 235 फ्लैटों का बुधवार को आवंटन किया गया। फिरोज गांधी सभागार में आरडीए की ओर से एक-एक कर सभी फ्लैटों का आवंटन शहरी गरीबों में किया गया। हालांकि फ्लैट के लिए 397 लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन 235 फ्लैट ही होने के कारण 162 गरीबों को मायूस होकर लौटना पड़ा। लॉटरी में जिन लोगों के नाम आ गए, उनके चेहरे खुशी से खिल गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी गरीबों को छत देने के लिए शासन की मंशा पर शहर के बरखापुर में 500 फ्लैट बनवाने के लिए आरडीए ने जमीन खरीदी थी। आरडीए की ओर से फ्लैटों को पूरा कराने के लिए अब तक साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। करीब 70 प्रतिशत काम पूरा कराया जा चुका है। आवासों के निर्माण का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है।
बुधवार को आरडीए ने फ्लैटों को आवंटित किया। आवास के लिए 397 गरीबों ने आवेदन किया था। फिरोज गांधी सभागार में एक-एक करके लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों को फ्लैट अलॉट किए गए। सभी 235 फ्लैटों को आवंटित कर दिया गया है। फ्लैट न मिलने के कारण 162 गरीबों के चेहरे मुरझा गए, जबकि 235 लोग फ्लैट मिलने के बाद खुशी मुद्रा में घर लौटे।
फ्लैटों के मालिक बने गरीबों को देने होंगे दो-दो लाख
करीब साढ़े चार लाख रुपये की लागत के फ्लैट के लिए आवंटियों को दो-दो लाख रुपये आरडीए में जमा करने होंगे। शेष धनराशि शासन से आरडीए को उपलब्ध कराई जाएगी। रायरबेली विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित फ्लैटों में बेहतर सुविधाएं होंगी। इस कॉलोनी में सीवर, पेयजल, सड़क, प्रकाश आदि की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। एक फ्लैट करीब 30 वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। इसमें एक बेडरूम, लॉबी, किचेन, स्नानघर और प्रसाधन उपलब्ध होगा।
बरखापुर में निर्माणाधीन 235 फ्लैटों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन कर दिया गया है। सभी फ्लैट आवंटित कर दिए गए हैं। शेष बचे 162 आवेदकों को आगे बनने वाले फ्लैटों में प्राथमिकता पर आवंटन दिया जाएगा।
बीपी मौर्या, सचिव, आरडीए