रायबरेली। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर में शुक्रवार की शाम उन सभी खिलाड़ियों को सम्मान से नवाजा गया, जिन्होंने हाल ही में अयोध्या में हुई 36वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में मेडल जीते हैं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने इन सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इन खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया है।
तीरंदाजी में इंडियन राउंड व्यक्तिगत बालक वर्ग से आकाश को स्वर्ण एवं किशन को कांस्य पदक मिला। तीरंदाजी इंडियन राउंड बालक टीम इवेंट में आकाश, किशन, सुप्रभात एवं जय ने स्वर्ण पदक जीता। तीरंदाजी रिकर्व राउंड बालक वर्ग में अनिकेत ने स्वर्ण पदक एवं कुलदीप ने रजत पदक अर्जित किया। तीरंदाजी रिकर्व राउंड बालिका वर्ग में शिफा कुलसुम को स्वर्ण पदक मिला, वहीं महक ने रजत पदक प्राप्त किया।
राइफल शूटिंग में बालक वर्ग से आदित्य को स्वर्ण पदक एवं कुलदीप को रजत पदक मिला। एयर पिस्टल शूटिंग में बालक वर्ग से जय ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं कुलदीप को रजत पदक मिला। शूटिंग एयर पिस्टल में बालिका वर्ग से शिफा कुलसुम ने स्वर्ण पदक और महक ने रजत पदक प्राप्त किया। लंबी कूद में सीता राजपूत ने रजत पदक और 200 मीटर दौड़ में शिवम ने कांस्य पदक जीता।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के संरक्षक समर बहादुर सिंह, जिलाध्यक्ष राघवेंद्र यादव, महामंत्री सियाराम सोनकर, कोषाध्यक्ष शिवशरण सिंह ने कहा कि सभी खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों ने वाकई कमाल कर दिया है। इससे जिले का गौरव बढ़ा है। जिला व्यायाम शिक्षक शोएब हसन खान ने कहा कि बेसिक शिक्षा की बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में पहली बार शूटिंग व आर्चरी जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हुईं।
इस मौके पर मोहम्मद नसीम, सुरेश सिंह, सूर्यप्रकाश, उमाशकर चौधरी, योगेंद्र सिंह, गौरव यादव, संदीप शुक्ला, शांति अकेला, पन्नालाल, सुनील यादव, साधना, नीलम पटेल, सुरेंद्र वर्मा, रमेश कुमार, रूपेश शुक्ला, नागेंद्र सिंह, अब्दुल हलीम, मेराज अहमद, गयामणि पाल, सुनीता सिंह, विक्रमादित्य सिंह, लालबहादुर यादव, राजेश यादव, कुसुम चंद्र, संजीव श्रीवास्तव, शिवेंद्र, शिव कुमार आदि उपस्थित रहे।