लालगंज । ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद बेलहनी में एक राजकीय हेलीपैड का निर्माण होगा। इसके लिए गांव के पास ऊसर भूमि को चिह्नित किया गया है। इस संबंध में तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैयार रिपोर्ट शासन को भी भेज दी गई है।
जिले की प्रत्येक तहसील और विकासखंड में स्थायी राजकीय हेलीपैड बनाने की योजना है। इस संबंध में सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार हेलीपैड के लिए 50 वर्ग मीटर भूमि अनिवार्य है। चिन्हित स्थल के चारों ओर तय दूरी तक कोई ऊंची इमारत के साथ ही पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल टावर नहीं होने चाहिए। हेलीपैड तक पहुंचने के लिए सड़क कनेक्टिविटी को भी जरूरी माना गया है।
तय मानकों के आधार पर तहसील प्रशासन की ओर से बेलहनी ग्राम सभा की गाटा संख्या 22 ऊसर भूमि को हेलीपैड निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से भी भूमि का निरीक्षण कर प्रस्ताव काे झंडी दिखा दी गई है। हेलीपैड बनने से आपदा प्रबंधन में प्रभावी मदद मिलने के साथ ही गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हेलीपैड के निर्माण से इलाके में होने वाले विकास कार्यों को भी रफ्तार मिलेगी। ग्राम प्रधान अखिलेश यादव का कहना है कि इससे क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ ही गांव में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। तहसीलदार शिवम सिंह ने बताया कि बेलहनी के ऊसर में लोक निर्माण विभाग की ओर से भूमि की जांच के बाद रिपोर्ट शासन काे भेज दी गई है।