रायबरेली। सर्द हवा और गलन ने लोगों को बेहाल कर दिया है। 24 घंटे में छह डिग्री तापमान लुढ़कने से सीजन में मंगलवार सबसे ठंडा रहा। सुबह से ही लोग सर्दी से परेशान रहे। दोपहर में धूप निकली पर लोगों को राहत नहीं मिली। लोगों को सुन्न हाथों में गर्मी लाने के लिए अलाव और रूम हीटर का सहारा लेना पड़ा।
सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन नए कलेवर में लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। कभी घना कोहरा छाया रहा है तो कभी पाला पड़ने से पूरे दिन ठिठुरन रहती है। इसके साथ ही सर्द हवा ने शरीर को सुन्न करना शुरू कर दिया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। शहर में मुख्य स्थानों पर भी अलाव नहीं जल रहे हैं।
मंगलवार को सुबह कोहरा के साथ धुंध रही। धूप निकली, लेकिन सर्दी के आगे उसकी तेजी कम रही। जिससे राहत नहीं मिल सकी। सुबह से ही लोग सर्दी से बचने के लिए उपाय करते नजर आए। कार्यालयों में फरियादी नहीं दिखे तो कर्मचारी और अधिकारी अपने कमरों में ही रहे। दुकानों पर भी भीड़ नहीं दिखी। साथ ही शहर लेकर गांव तक सड़कों पर चहलपहल नहीं दिखी। दोपहर में जब हल्की धूप निकली तो लोग घर की जरूरत की सामानों की खरीदारी करने के लिए घरों से निकले। शाम होते ही सभी घरों के भीतर हो गए।
सर्दी अधिक होने से पार्कों में भी सन्नाटा रहा। बच्चे भी खेल के मैदानों में नहीं दिखे। मंगलवार को सर्दी का सितम हर किसी को परेशान करने वाला रहा। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी पहली बार औसत से कम रहा। 24 घंटे की तुलना में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस कारण न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा तो अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री रहा।
इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी भागों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अभी तक अधिकतम तापमान में औसत से अधिक कमी दर्ज की जा रही थी। बीती सोमवार रात से हवा में पश्चिमी दबाव होने से वह भी लुढ़कने लगा है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान रिकाॅर्ड बना सकता है।
चार साल में दिसंबर का औसत तापमान सबसे कम
पिछले साल सालों की तुलना में इस बार दिसंबर का औसत तापमान कम रहा है। यही कारण है कि भीषण सर्दी हो रही है। पाला भी गिर रहा है। इससे आलू, सरसों, सब्जी की फसलों में रोग लगने गए हैं। किसानों के लिए इस वर्ष की सर्दी फसल के लिहाज बहुत तकलीफदेह है।
चार साल में दिसंबर का तापमान
वर्ष-औसत तापमान
2022-16 डिग्री
2023-17 डिग्री
2024-17 डिग्री
2025-15 डिग्री
स्रोत : मौसम विभाग