रायबरेली। मौसम में बदलाव के साथ तेजी से लोग डायरिया और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को हालत बिगड़ने पर 23 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की लंबी लाइन लग गई।
सोमवार को डायरिया और बुखार के चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे सविता (19), सुनील (25), अनन्या (8), नव्या (10), श्यामलाल (72), नजरीन बानों (6), आस्वी (1), देव (11), अनीस फात्मा (50), रामपती (75), मो. अशद (8), गौतम (10), रामकरन (78), शकीला (65), मासूम खान (10) समेत 23 से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। गर्मी के कारण सांस की समस्या के भी 10 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया।
उधर, ओपीडी में सुबह आठ बजे से ही परचा बनवाने के लिए काउंटरों पर लाइन लग गई। पैथोलॉजी में भी जांच कराने के लिए मारामारी रही।सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि गर्मी और धूप अधिक होने के कारण लोग एहतियात बरतें। जरूरत पड़ने पर ही घरों से निकलें। समस्या होने पर अस्पताल आकर इलाज कराएं।