जिला अस्पताल के ओपीडी में इलाज के लिए लगी मरीजों की भीड़।
रायबरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार, जुकाम, खांसी और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को ओपीडी में 1700 से अधिक मरीज चिकित्सीय सलाह लेने पहुंचे। इनमें 530 से अधिक मरीज बुखार के थे।
इमरजेंसी में बुखार के 16 मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। सीएचसी और पीएचसी में भी बुखार, जुकाम और उल्टी-दस्त के सर्वाधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। मौसम में बदलाव के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही परचा बनवाने के लिए लंबी लाइनें लगी थीं।
ओपीडी कक्षों के बाहर भी मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। पैथोलॉजी और एक्सरे कक्ष में भी काफी भीड़ देखी गई, जिससे मरीजों को परेशानी हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव आया है। उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की।