स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित शहीद चौक पर हुए शहीद संध्या कार्यक्रम में देशभक्ति के गीतों ने लोगों में जोश और उल्लास भर दिया।
सभी ने शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। आजादी के जश्न में शहीद चौक, प्रमुख चौराहे और इमारतें बिजली की झालरों से जगमगा उठीं।
पालिका की ओर से हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, डीएम प्रेम नारायण, सीडीओ अनूप श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन एससी श्रीवास्तव, एसडीएम राकेश गुप्ता, नगर पालिका चेयरमैन इलियास, ईओ पीएन सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर देश को एक नया मुकाम दें, यही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मेरा रंग दे बसंती चोला..., देश रंगीला..., अपनी आजादी को हम हरगिज भुला सकते नहीं..., यह देश है वीर जवानों का... आदि भक्ति गीतों पर डांस किया।
संचालन सभासद सबिस्ता ब्रजेश ने किया। सोनू सिंह, रामखेलावन, अनिल कुमार, शत्रोहन, गया प्रसाद मौजूद रहे। शहीद चौक, सिविल लाइन, कलेक्ट्रेट, सुपर मार्केट, सरकारी व गैर सरकारी भवन बिजली की झालरों की रोशनी में जगमगा उठे।