शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद बाहर की ओर जाते यात्री।
रायबरेली। धनतेरस और दीपावली समेत कई पर्वों के नजदीक आते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री जूझ रहे हैं। बृहस्पतिवार को हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल साढ़े पांच घंटे विलंब से आई।
धनबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन ने डेढ़ घंटे, चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस व प्रयागराज से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ने सवा घंटे इंतजार कराया। दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर एक घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल पौन घंटे, नई दिल्ली-धनबाद स्पेशल, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से पहुंची।
बुधवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर पौने तीन घंटे, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस और कानपुर-रायबरेली पैसेंजर एक घंटे विलंब से आई। दिल्ली, मुंबई, पंजाब की ओर से आने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ नजर आ रही है।
इन्हीं राज्यों में काफी लोग नौकरी या कामकाज के सिलसिले में रहते हैं, जो परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए लौट रहे हैं। बढ़ती भीड़ के कारण सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी ने सतर्कता बढ़ा दी है।