रायबरेली। चलती पैसेंजर ट्रेन में खटखट की आवाज आने से यात्री सहम गए। किसी पार्ट के लटके होने की आशंका पर ट्रेन को दो स्टेशनों पर रोककर जांच की गई। दो बार परीक्षण के बावजूद कोई खामी नहीं मिली। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, ट्रेन के देर तक रुकने से वह गंतव्य तक ढाई घंटे विलंब से पहुंची। वापसी में भी ट्रेन ढाई घंटे देर से रवाना हुई।
बुधवार सुबह रायबरेली स्टेशन से रघुराज सिंह स्टेशन के लिए पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई। रास्ते में ट्रेन से खटखट की आवाज आने लगी। यात्रियों ने इसकी जानकारी लोको पायलट और गार्ड को दी। किसी पार्ट के लटकने की आशंका पर डलमऊ स्टेशन पर ट्रेन रोक दी गई। लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) ने पूरी ट्रेन का परीक्षण किया। करीब सवा घंटे तक जांच के बाद भी कोई खामी नहीं मिली।
ट्रेन लालगंज स्टेशन पहुंची तो तकनीकी कर्मचारियों ने दोबारा परीक्षण किया। इस दौरान करीब 45 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। दो स्टेशनों पर देर तक रोके जाने के कारण ट्रेन रघुराज सिंह स्टेशन ढाई घंटे विलंब से पहुंची। वापसी में भी यह ट्रेन रघुराज सिंह स्टेशन से रायबरेली के लिए ढाई घंटे देर से रवाना हुई।
कोचिंग डिपो अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन से खटखट की आवाज आने की आशंका पर डलमऊ स्टेशन पर उसे रोका गया था। सामान्य परीक्षण के बाद ट्रेन स्टाफ ने मेमो दिया, जिसके आधार पर तकनीकी टीम को लालगंज भेजा गया। जांच के दौरान ट्रेन में कोई खामी नहीं मिली।