ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी ऊंचाहार ने ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए जिला प्रशासन को ऑक्सीजन प्लांट की सौगात दी है। इस ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण जिला प्रशासन को सौंपे गए।
जिला प्रशासन ने एनटीपीसी ऊंचाहार के अधिकारियों से जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने की मांग की थी। इसके बाद एनटीपीसी परियोजना के अधिकारियों ने जिले को एक ऑक्सीजन प्लांट देने का निर्णय लिया।
शनिवार को परियोजना के महाप्रबंधक असित दत्ता ने मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल को ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण सौंपे। इस प्लांट से एक मिनट में 45 लीटर ऑक्सीजन मिलेगी।
महाप्रबंधक ने बताया इस ऑक्सीजन प्लांट से लोगों को जिंदगी मिल सकेगी। इसके पूर्व में भी ऊंचाहार की सीएचसी को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए गए थे। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन वंदना चतुर्वेदी व जनसंपर्क अधिकारी विजय कुमार मौजूद थे।