रायबरेली। गंगागंज स्थित गजबदन इंडस्ट्रियल एंड मेडिकल गैसेज प्लांट को तीन मीट्रिक टन (एमटी) लिक्विड मिलने के बाद मंगलवार से ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया है। यहां से ऑक्सीजन एम्स के एल-3, रेलकोच के एल-2 व जिला अस्पताल को दी जाएगी। हालांकि जल्द ही और लिक्विड न आने पर प्लांट फिर से बंद हो सकता है।
शहर से सटे गंगागंज स्थित गजबदन इंड्रस्ट्रियल एंव मेडिकल गैसेज प्लांट से रेलकोच के एल-2 अस्पताल के अलावा जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालयों को ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही थी।
19 हजार किलो ऑक्सीजन की क्षमता वाले प्लांट में चार दिन पहले लिक्विड न होने के कारण ऑक्सीजन का उत्पादन ठप हो गया था। लिक्विड के लिए कई बार डिमांड की गई, लेकिन समय से उपलब्धता न होने के कारण ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित हो गई।
हालांकि अन्य जिलों से ऑक्सीजन मंगवाकर मरीजों को बचाने का प्रयास किया गया। सोमवार रात प्लांट में लिक्विड आने के बाद ऑक्सीजन के उत्पादन का काम शुरू हो गया।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी नहीं होने पाएगी। तीन एमटी लिक्विड आ गया है। डिमांड की गई है। जल्द ही और लिक्विड आ जाएगा।