शहीद चौक के सामने सलोन कोतवाली के खिलाफ धरने में बैठे विहिप व बजरंगदल के पदाधिकारियों से वार्
रायबरेली। बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद मौर्या की पिटाई का मामला रविवार को और गरमा गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों ने दूसरे दिन भी डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित शहीद चौक पर धरना देकर सलोन कोतवाल राघवन कुमार सिंह को हटाने की मांग की।
मामले में रविवार रात पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने करहिया चौकी प्रभारी नितिन कुमार को हटा दिया। मुख्य आरक्षी अमित सिंह, सुहैल अहमद और नाजिम को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है। वहीं कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह की भूमिका की जांच के जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार रात और पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने रविवार दोपहर धरनास्थल पर पहुंचकर जिला संयोजक को न्याय दिलाने के लिए हुंकार भरी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. यशवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा को मामले की जांच सौंपी है।
विहिप के प्रांत सहमंत्री विवेक सिंह ने कहा कि सलोन कोतवाल की तरफ से जिस तरह का व्यवहार बजरंग दल के जिला संयोजक के साथ किया गया है, वह गलत है। पशु तस्करी के मामले का खुलासा करने पर पुलिस जिला संयोजक विनोद से चिढ़ी थी। एसपी का कहना है कि एएसपी को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में निर्णय लिया जाएगा।