रायबरेली। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का सोमवार को प्रतापगढ़ से लखनऊ जाते समय सारस मोटल चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी पर भी सवाल उठाए।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जनता सभी राजनीतिक दलों का कार्यकाल देख चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी के बिना भारतीय जनता पार्टी को हराना संभव नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि नीले पटके वाले कार्यकर्ता बड़ी लड़ाई लड़ेंगे।
गठबंधन की राजनीति पर उन्होंने कहा कि नेताओं के आने-जाने से किसी पार्टी की जमीनी ताकत पर फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने राजनीतिक दलों के कार्यकाल और उनकी जमीन पर पकड़ को लेकर अपनी बात रखी। अदालती फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए आजाद ने कहा कि वह न्यायपालिका के निर्णयों का पूरा सम्मान करते हैं। (संवाद)