रायबरेली। जिले में बारिश से बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व अमृता सिंह ने बचत भवन में बैठक करके संबंधित अधिकारियों को आपदा प्रबंधन और बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों को समस्या आने से पहले पूरा करा लिया जाए जिससे किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटा जा सके।
एडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी प्रभावित तहसीलों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं अवश्य पहुंचनी चाहिए। गोशालाओं के ऊपर से हाईटेंशन लाइन को नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कराकर हटवाया जाए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था को सुदृढ़ रखते हुए गोवंशों के चारे की व्यवस्था को दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि नदी के पानी के बहाव पर भी निरंतर नजर रखने के साथ ही बाढ़ चौकियों पर भी अलर्ट रखा जाए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन पूरी तरह से सक्रिय रहने के साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाए। पीने के पानी की व्यवस्था में कमी नहीं आनी चाहिए। पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारी सड़कों के गड्ढों को भरवाएं।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार, एसडीएम डलमऊ अहमद फरीद खान, एसडीएम लालगंज मिथिलेश त्रिपाठी, एसडीएम महराजगंज सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।