शिवगढ़ (रायबरेली)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार समाप्त करके योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है, इसी कारण विपक्षी बौखलाए हैं और कृषि कानून का विरोध कर रहे हैं। कृषि कानून किसानों के हित के लिए लाया गया है। डिप्टी सीएम ने शनिवार को ओसाह में आयोजित कार्यक्रम में करीब 104 करोड़ की सड़कों, पुलों व अन्य 98 कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कराये जा रहे विकास कार्यों का बखान किया। कहा कि मोदी और योगी सरकार जनहित कारी योजनाओं को मूर्त रुप देने में लगी हुई है। आज सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करके जनता को सीधे योजनाओं का लाभ दे रही है। इस बात से विपक्षी बौखलाए हुए हैं। यही कारण है कि किसानों के लिए बनाए गए हितकारी कृषि कानून का विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने गोविंदपुर में करोड़ों रुपए लागत से बने पॉलिटेक्निक का जल्द ही उद्घाटन किए जाने की बात कही। इस मौके पर विधायक राम नरेश रावत, पूर्व एमएलएसी राकेश प्रताप सिंह, विद्या सागर अवस्थी, राजा राम त्यागी, सरोज रावत, अनीता श्रीवास्तव, अनुराग पांडेय, डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमारए, एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।