रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली प्रयागराज मार्ग की पांच ट्रेनें बुधवार को प्रभावित रहीं। सुबह ट्रैफिक ब्लॉक होने के कारण इन ट्रेनों को ऊंचाहार समेत कई अन्य स्टेशनों पर देर तक रोका गया। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई।
प्रतापगढ़ जिले में परियावां और मानिकपुर स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा है, जिसके लिए मंगलवार रात ट्रैफिक ब्लाॅक लिया गया। ट्रैफिक ब्लॉक बुधवार को सुबह तक चला। इससे सुबह रायबरेली और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली पांच ट्रेनें प्रभावित हुईं।
बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस मंगलवार रात गुजरती है, लेकिन कई स्टेशनों पर रोके जाने के कारण यह ट्रेन बुधवार को तड़के आई। ऊंचाहार स्टेशन पर पौने दोनों दो घंटे लेट पहुंची और एक घंटे रुकी रही। यहां से चली तो अरखा समेत अन्य स्टेशनों पर भी रोकी गई, जिससे यह गाड़ी करीब चार घंटे विलंब से प्रतापगढ़ के कुंडा स्टेशन पहुंची।
बुधवार को तड़के प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस भी प्रयागराज से ही देर से चलाई गई। यह ट्रेन पौने दो घंटे विलंब से पहुंची। कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर को ऊंचाहार में एक घंटे रोका गया। सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस को ऊंचाहार स्टेशन पर करीब 25 मिनट रोका गया। नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे देर से आई थी, लेकिन देर तक रुकने से करीब डेढ़ घंटे लेट हो गई। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि परियावां और मानिकपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा है। ट्रैफिक ब्लॉक के चलते ट्रेनें प्रभावित हुईं।
ढाई घंटे देर से आई प्रयागराज पैसेंजर
रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी सिर्फ प्रयागराज रूट ही नहीं, बल्कि दूसरे रूटों की ट्रेनों में भी नजर आई। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। बुधवार को लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ढाई घंटे देर से आई, क्योंकि यह ट्रेन लखनऊ से ही देर से चलाई गई। यह ट्रेन रायबरेली व प्रतापगढ़ के रास्ते प्रयागराज जाती है।
प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस पौन घंटे और प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से आई। गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत एक्सप्रेस 15 मिनट देर से पहुंची। मंगलवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर पौने दो घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। (संवाद)