रायबरेली। माध्यमिक विद्यालयों में 20 मई से ऑनलाइन पठन-पाठन फिर से शुरू करा दिया गया है। इसमें लापरवाही की संभावना न रहे इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
हर सप्ताह इसकी रिपोर्ट भी मांगी जा रही है। अभी कुछ दिन पहले डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक की। अब जेडी की अध्यक्षता में 29 मई को ऑनलाइन मीटिंग के द्वारा ऑनलाइन पठन-पाठन की वास्तविकता परखी जाएगी।
जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की ऑनलाइन पढ़ाई 20 मई से शुरू हुई थी। प्रधानाचार्यों ने टाइम टेबल बनाकर विषय अध्यापकों को जिम्मेदारी सौंप दी है।
कक्षा अध्यापकों से रोजाना प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है, जिसमें यह बताना होता है कि कितने विद्यार्थी ऑनलाइन पठन-पठन से जुड़े, ताकि हर हफ्ते अनुपालन आख्या उच्चाधिकारियों को भेजी जा सके।
जिले में 333 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 41 राजकीय, 46 सहायता प्राप्त एवं 246 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इनमें 9 से 12 तक की कक्षाओं में लगभग सवा लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़े इसके प्रयास किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन पठन-पाठन के संबंध में 22 मई को जिला विद्यालय निरीक्षक ने तहसील क्षेत्रवार विद्यालयों की ऑनलाइन मीटिंग आयोजित की थी। अब 29 मई को संयुक्त शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक होगी, जिसमें राजकीय कालेजों के प्रधानाचार्य शामिल होंगे।
इस मीटिंग में आनलाइन पठन-पाठन के मुद्दे व प्रगति जानने के साथ ही समस्याएं भी जानी जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि सभी विद्यालयों को दिशानिर्देश दिए जा चुके हैं। सभी से हर हफ्ते अनुपालन आख्या भी मांगी गई है। आनलाइन पठन-पाठन की समीक्षा की जा रही है।
हाईस्कूल का काम पूरा, इंटर में भी दिखी तेजी
रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की छमाही, प्री-बोर्ड तथा पिछली कक्षा की वार्षिक परीक्षा में मिले नंबरों को वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे, जिसमें हाईस्कूल का काम पूरा हो गया है और इंटरमीडिएट का काम भी शुक्रवार तक पूरा हो जाएगा।
जिले के 333 माध्यमिक विद्यालयों में हाईस्कूल के 38705 और इंटरमीडिएट के 33123 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले हाईस्कूल के परीक्षार्थियों और फिर इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की पिछली परीक्षाओं के पूर्णांक और प्राप्तांक वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे।
सभी विद्यालयों ने हाईस्कूल के परीक्षार्थियों का डाटा अपलोड कर दिया है, जबकि इंटरमीडिएट का डाटा अपलोड करने का काम 270 विद्यालय पूरा कर चुके हैं। इंटर का डाटा अपलोड करने का काम 28 मई तक पूरा करने का समय दिया गया है। डीआईओएस का कहना है कि समय से डाटा अपलोड करा दिया जाएगा।