रायबरेली। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का 50 अंकों तक पहुंचा आंकड़ा शुक्रवार को एक अंक और गिर गया। तब्लीगी जमात से जुड़े एक और कोरोना मरीज के ठीक होने के बाद अब स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 44 हो गई है। अब सिर्फ छह संक्रमित लोग ही शेष बचे हैं। जमातियों के संपर्क में आई एक महिला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। एक्टिव छह मरीजों में पांच बटोही रिसॉर्ट और एक लखनऊ के अस्पताल में भर्ती है।
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद यहां आए जमातियों व उनके संपर्क में आए लोगों की जांच की गई थी। जांच में अब तक जमातियों व उनके संपर्क में आने के साथ ही अन्य मरीजों को मिलाकर 50 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया। दिल्ली में आयोजित तब्लीगी जमात में शामिल खाली सहाट के एक और मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है।
इसी मोहल्ले की एक महिला की रिपोर्ट आनी बाकी है। महिला के पति की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे पहले ही उसे डिस्चार्ज किया जा चुका है। महिला की रिपोर्ट भी यदि निगेटिव आ जाएगी तो पुराने कोरोना मरीजों की संख्या घटकर शून्य हो जाएगी। सिर्फ मई महीने में पॉजिटिव पाए गए पांच मरीज की शेष बचेंगे। जिले में कोरोना संक्रमित पाए गए मरीजों में सबसे अधिक 21 मरीज सहारनपुर जिले के थे।
इसके अलावा शहर के किलाबाजार व पट्टी पीठा गांव के दो-दो, खाली सहाट के 10, सराय अख्तियार के तीन,, उमरा, भवानीपुर, मधुबन रोड, असनी, सलेथू, ऊंचाहार के एक-एक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित पाया गया एक और मरीज ठीक हो गया हैं। मरीज खाली सहाट का रहने वाला है। अब तक ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। अब शेष छह मरीज बचे हैं।