रायबरेली। हरिओम हत्याकांड में शामिल नामजद आरोपी डाड़ेपुर मजरे ईश्वरदासपुर निवासी अखिलेश मौर्य उर्फ नन्हे को पुलिस ने शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी पुलिस को घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश है। इसके लिए आसपास के जनपदों में दबिश दी जा रही है।
एक अक्टूबर को ईश्वरदासपुर रेलवे स्टेशन के पास फतेहपुर जिले के हरिओम वाल्मीकि की भीड़ ने चोर समझ पीट - पीटकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने हरिओम के पिता गंगादीन की तहरीर पर वैभव सिंह व अखिलेश मौर्य के खिलाफ नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अब तक पुलिस ने वैभव सिंह, सहदेव पासी, सुरेश कुमार, विजय मौर्य व विपिन मौर्य समेत 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि वांछित अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापा मार रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।