रायबरेली। जिले में 15 साल की उम्र पूरी कर चुकीं मोटर साइकिलों का पुन: पंजीयन कराने में लोग ढिलाई बरत रहे हैं। पांच लाख बाइकों में अब तक करीब चार लाख बाइकों का ही पुन: पंजीयन कराया गया है। एक लाख बाइकें पंजीयन सीमा खत्म हो जाने के बाद भी सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं। वाहन मालिकों को तत्काल पुन: पंजीयन के लिए निर्देशित किया गया है।
शासन ने 15 साल की उम्र पूरी कर चुकीं मोटर साइकिलों का पुन: पंजीयन करने का आदेश दिया है। इसके तहत पांच-पांच साल के लिए इन वाहनों का पंजीयन होगा। जिले में 15 साल से अधिक उम्र की करीब पांच लाख बाइकों में से चार लाख बाइकों का ही पांच साल के लिए पुन: पंजीयन कराया गया है। पंजीयन खत्म होने के बाद भी एक लाख से अधिक बाइकें सड़कों पर दौड़ रही हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जिले में उम्र पूरी कर चुकीं करीब एक लाख बाइकों का पुन: पंजीयन होना बाकी है। इसके लिए वाहन मालिकों को अंतिम मौका दिया गया है।
पुरानी बाइक स्क्रैप करने पर मिलेगा फायदा
15 वर्ष से अधिक पुरानी बाइक को स्क्रैप करने पर वैल्यू की सात फीसदी धनराशि, स्क्रैप सर्टिफिकेट से नई बाइक खरीदने पर वैल्यू मूल्य पर 10 प्रतिशत छूट, रजिस्ट्रेशन शुल्क माफी के लाभ के साथ रोड टैक्स में 15 से 25 प्रतिशत तक छूट दी जाती है।