चालक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को सीएचसी सलोन पहुंचाया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तीनों बाइक सवार एक तिलक समारोह से वापस लौट रहे थे। उधर, डीह थाना क्षेत्र में जीप और स्कूली बस की भिड़ंत में छह लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि बस पर बच्चे सवार नहीं थे।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परशदेपुर चौकी क्षेत्र के भगवतापुर निवासी संतोष कुमार वर्मा (21), दर्शन (42), राजेश कुमार (36) एक बाइक से सलोन कोतवाली क्षेत्र के अलीहसन का पुरवा गांव तिलक समारोह गए थे।
देर रात लौटते समय मटियारा चौराहे के पास पहले से खड़े ट्रक में पीछे भिड़ गए। गंभीर रूप से घायल बाइक चला रहे संतोष कुमार की मौके पर मौत हो गई।
उसके दोनों साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक संतोष हेलमेट नहीं लगाए हुए था। ग्रामीणों की सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर घायलों को सीएचसी सलोन पहुंचाया। जहां राजेश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की इसी साल अप्रैल माह में शादी हुई थी।
गर्भवती पत्नी प्रेमपती के अलावा अन्य परिवारीजनों का हाल बेहाल है। डीह थाना क्षेत्र के लोधवारी गांव के पास जीप और स्कूली बस में भिड़ंत हो गई।
इससे जीप पर सवार किरन (37), उसका पति कृष्ण कुमार मिश्रा (35) निवासी अस्थोरायपुर, पूजा (23) निवासी बघौला, जीप चालक प्रेमनाथ (24) निवासी जगदीशपुर थाना डीह घायल हो गए।
इसके अलावा जीप पर सवार दो लोगों को मामूली चोटें आई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ पवन त्रिवेदी ने बताया स्कूली बस बच्चों को लाने जा रही थी।