बछरावां थाना में समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायत का निस्तारण करती डीएम व एसपी।
रायबरेली। जिले के थानों और कोतवाली में शनिवार को हुए थाना समाधान दिवस में केवल औपचारिकताएं निपटाई गईं। गदागंज में राजस्व के जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहने से लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
डीएम सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बछरावां थाने में लोगों की शिकायतें सुनीं। यहां पर 39 शिकायतें आईं लेकिन एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। इसके लिए राजस्व और पुलिस की टीमें गठित की गईं। डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर महराजगंज एसडीएम गौतम सिंह मौजूद रहे। जगतपुर में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। दो शिकायतें आईं, इसमें एक शिकायत का निस्तारण किया गया।
गदागंज प्रतिनिधि के मुताबिक समाधान दिवस में जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे। इसकी वजह से फरियादियों को लौटना पड़ा। पूरे इच्छा तिवारी निवासी अजय कुमार गुप्ता ने सगे भाई पर उसके हिस्से की भूमि बेचने का आरोप लगाया। यहां पर पांच लोग फरियाद लेकर पहुंचे, लेकिन एक भी शिकायत का समाधान नहीं हो पाया। थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने मौके पर मौजूद रहकर समस्याएं सुनीं। राजस्व विभाग से कानूनगो उदय सिंह, लेखपाल फातिमा मौजूद रहे।
फरियादियों ने कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। यही वजह है कि अब लोगों का समाधान दिवस से मोह भंग हो रहा है। इसी तरह सरेनी, खीरों, शिवगढ़ समेत अन्य थानों में लोग फरियाद लेकर पहुंचे, लेकिन ज्यादातर लोगों को लौटना पड़ा।