रायबरेली। ब्लॉक मुख्यालयों पर शपथ लेने के साथ ही ब्लॉक प्रमुखों ने नई पारी की शुरुआत की। मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की बहू सविता मौर्या, विधायक अदिति सिंह की मां वैशाली सिंह, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के बेटे पीयूष प्रताप सिंह आदि ब्लॉक प्रमुखों ने 1301 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ शपथ ग्रहण के साथ ही शत-प्रतिशत विकास कराने का संकल्प लिया।
जगतपुर ब्लॉक प्रमुख दल बहादुर सिंह और दीनशाह गौरा में सविता मौर्या ने मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, एमएलसी व जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी की मौजूदगी में शपथ ली। रोहनियां में पूर्वमंत्री व विधायक डॉ. मनोज पांडेय की मौजूदगी में राकेश कुमार ने शपथ ली।
राही ब्लॉक में शपथ ग्रहण समारोह में बीडीओ जेनिथकांत ने ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव को शपथ दिलाई। वहीं अमावां ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख वैशाली सिंह को एसडीएम जीतलाल सैनी ने शपथ दिलाई। दोनों कार्यक्रमों में सदर विधायक अदिति सिंह व अन्य लोग शामिल रहे।
छतोह में बीडीओ रिचा सिंह ने ब्लॉक प्रमुख संगीता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके अलावा खीरों में बीडीओ केके सिंह ने ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह और डीह में बीडीओ जितेंद्र सिंह ने ब्लॉक पमुख मिथलेश को शपथ दिलाई।
सलोन प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अंजू कुशवाहा व बीडीसी को एसडीएम दिव्या ओझा ने शपथ दिलाई। बैठक में बीडीसी ने पौने दो करोड़ की विकास योजनाओं का प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुख को सौंपा।
सरेनी प्रतिनिधि के अनुसार, बीडीओ एके त्रिपाठी ने ब्लॉक प्रमुख विभा सिंह व के साथ ही बीडीसी को शपथ दिलाई। बैठक में सभी गांवों में सौ-सौ मीटर सड़क बनवाने का प्रस्ताव पास किया गया।
बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख अमन सिंह ने भाजपा विधायक राम नरेश रावत की मौजूदगी में शपथ ली। गदागंज प्रतिनिधि के अनुसार, मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या व एमएलसी दिनेश सिंह की मौजूदगी में ब्लॉक प्रमुख सविता मौर्य ने शपथ ली। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिला अध्यक्ष रामदेव पाल आदि मौजूद रहे।
जगतपुर प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख दल बहादुर सिंह को तहसीलदार ऊंचाहार अभिनव पाठक ने शपथ दिलाई। हरचंदपुर प्रतिनिधि के अनुसार, एमएलसी के बेटे व ब्लॉक प्रमुख पीयूष प्रताप सिंह को एसडीएम सदर अंशिका दीक्षित ने शपथ दिलाई।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख राज कुमार पासी ने विधायक राम नरेश रावत की मौजूदगी में शपथ ली। डलमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख शिवराम रावत को एसडीएम विजय कुमार ने शपथ दिलाई।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व मंत्री व ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज पांडेय की मौजूदगी में रोहनियां ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार ने शपथ ली। ऊंचाहार ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख सत्यभामा मौर्या को एसडीएम राजेंद्र शुक्ला ने शपथ दिलाई।
शिवगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख कुंवर हनुमंत प्रताप सिंह व 58 बीडीसी को बीडीओ अजय कुमार सिंह ने शपथ दिलाई। सतांव प्रतिनिधि के अनुसार, विधायक राकेश सिंह की मौजूदगी में बीडीओ राजेश बहादुर सिंह ने ब्लॉक प्रमुख आशुवेंन्द्र प्रताप सिंह को शपथ दिलाई।