एनटीपीसी ऊंचाहार में यूनिट नंबर दो के व्यॉलर में ट्यूब लीकेज होने से 210 मेगावाट उत्पादन ठप हो गया। यूनिट के बंद होने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने यूनिट को चलाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास असफल रहा।
परियोजना के अधिकारियों का मानना है कि यूनिट को शुरू करने में तीन चार दिन का समय लग जाएगा। एनटीपीसी ऊंचाहार में 210 मेगावाट की पांच यूनिट है। यहां पर 1050 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। एनटीपीसी ऊंचाहर से जम्मू कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड समेत 9 प्रदेशों को बिजली की आपूर्ति होती है।
शनिवार को सभी यूनिट चल रही थी। देर रात अचानक यूनिट नंबर दो के व्यॉलर में ट्यूब लीकेज होने से उत्पादन ठप हो गया। यूनिट के बंद होने से परियोजना में 210 मेगावाट बिजली का उत्पादन कम हो गया है।
एनटीपीसी के जन संपर्क अधिकारी एके श्रीवास्तव ने बताया कि यूनिट नंबर दो के व्यॉलर में ट्यूब लीकेज होने के कारण यूनिट नंबर दो बंद हुई है। उसे चालू करने में तीन-चार दिन का समय लग सकता है। एक यूनिट बंद होने से रायबरेली, लखनऊ व फतेहपुर पावर ग्रिड को दी जाने वाली बिजली में कटौती की जाएगी।