ऊंचाहार एनटीपीसी से सुविधाएं दिलाने के लिए गुरुवार को सपाइयों व क्षेत्र के प्रधानों ने एनटीपीसी के गेट पर धरना दिया। धरने में एनटीपीसी से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कराने और नौकरी दिलाए जाने की मांग की गई।
धरनास्थल पर आयोजित सभा में जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के प्रयास से 970 करोड़ की लागत से विद्युत लाइन तो बिछा दी गयी है लेकिन कार्य पूरा नहीं कराया गया है।
एनटीपीसी से प्रभावित ग्राम सभाओं में आवंटित विकास के धन का बंदरबांट किया जा रहा है। प्रधान रवींद्र पांडेय ने कहा कि एनटीपीसी द्वारा घनी आबादी में बने ऐशपांड एवं क्षेत्र में बढ़ रहे प्रदूषण, सीपेज से लोगों को नुकसान हो रहा है।
छबिनाथ यादव ने कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार से निकलने वाले ऐश से क्षेत्र के लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। जगदेव यादव, राकेश मौर्या, राम अभिलाख यादव, पल्ले पांडेय, गुडडू पांडेय, धनराज यादव, राजमणि शुक्ला आदि ने भी संबोधित किया।
बाद में एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, जिसमें एनटीपीसी ने दो माह के अंदर पांच किलोमीटर की परिधि में बिजली की लाइन को पूरा कराने, क्षेत्र के लोगों को रोजगार देने का भी वादा किया।
प्रभावित ग्रामसभाओं में तीन माह के अंदर पानी की टंकी लगाकर आरओ पानी की व्यवस्था का भी वादा किया गया। एसडीएम ऊंचाहार सत्येंद्र नाथ शुक्ला व एनटीपीसी के अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर लोगों को वादे पूरा करने की बात कही, जिसके बाद धरना समाप्त हो गया।