ऊंचाहार। एनटीपीसी परियोजना की चौथी यूनिट के बॉयलर ट्यूब में शुक्रवार रात रिसाव होने से बिजली उत्पादन ठप हो गया। इससे पहले करीब एक सप्ताह पूर्व पांचवीं यूनिट भी बॉयलर ट्यूब में रिसाव के कारण बंद हो गई थी। उसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है।
दो यूनिटों के बंद होने से परियोजना के बिजली उत्पादन पर असर पड़ा है। इससे कुल 420 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया है। परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए 210-210 मेगावाट क्षमता की पांच यूनिटें और 500 मेगावाट क्षमता की छठवीं यूनिट स्थापित है। शुक्रवार रात चौथी यूनिट पूरी क्षमता से बिजली उत्पादन कर रही थी। इसी दौरान उसके बॉयलर ट्यूब में रिसाव हो गया, जिसके बाद यूनिट को बंद करना पड़ा।
अभियंताओं की टीम ने मौके पर पहुंच बॉयलर की जांच की। बॉयलर का तापमान अधिक होने के कारण तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका। परियोजना के मानव संसाधन प्रमुख पंकज अरोरा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण चौथी यूनिट बंद हुई है। मरम्मत का कार्य पूरा कर यूनिट को जल्द चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।