रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 95 पदों के लिए चल रही चयन प्रक्रिया में महज 59 अभ्यर्थी ही सफल हुए हैं। इन्हें अब माइक्रो टीचिंग से गुजरना होगा। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि कितने अभ्यर्थी एआरपी बनने लायक हैं। माइक्रो टीचिंग के लिए 9 से 11 जून तक तिथि तय हुई है। प्रत्येक अभ्यर्थी को 10 से 15 मिनट माइक्रो टीचिंग करनी होगी, जिसके लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं।
जिले में एक नगर क्षेत्र एवं 18 विकास क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के लिए एआरपी का चयन किया जाना है। यानी कि प्रत्येक विषय में 19-19 एआरपी चयनित करने हैं। वैसे तो परिषदीय विद्यालयों के 189 शिक्षकों ने आवेदन किए थे, लेकिन 19 आवेदन पत्र निरस्त हो गए।
बाकी 170 अभ्यर्थियों (शिक्षक) को लिखित परीक्षा में भाग लेना था, जिनमें से 60 अनुपस्थित हो गए। जिन 110 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, उनमें से भी महज 59 अभ्यर्थी ही 60 या उससे अधिक अंक अर्जित कर सफल हो सके। अब इन्हीं 59 अभ्यर्थियों को माइक्रो टीचिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने माइक्रो टीचिंग के लिए आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में 9 से 11 जून तक रोजाना सुबह 10:30 बजे से माइक्रो टीचिंग कराई जाएगी। प्रथम दिवस अंग्रेजी के चार, हिंदी के छह और विज्ञान के आठ अभ्यर्थी भाग लेंगे, जबकि दूसरे दिन सिर्फ गणित के 27 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
तीसरे व अंतिम दिन सामाजिक विषय के 14 अभ्यर्थियों को माइक्रो टीचिंग में भाग लेना होगा। माइक्रो टीचिंग के नतीजे आने के बाद सफल अभ्यर्थियों की घोषणा होगी। साक्षात्कार के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी जाएगी।