रायबरेली। उपायुक्त मनरेगा जीपी कुशवाहा ने शुक्रवार शाम लालगंज ब्लॉक में मनरेगा की प्रगति की समीक्षा की। सबसे खराब प्रगति मिलने पर सचिव संतोष कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया। लक्ष्य के सापेक्ष मानव दिवस का सृजन न करने पर 12 पंचायत सचिवों को कठोर चेतावनी दी है। इसके अलावा खजूरगांव में गंदगी मिलने पर सफाईकर्मियों धीरज व राम सजीवन को भी कठोर चेतावनी दी।
गोल्डन कार्ड बनाने में सुस्ती पर पंचायत सहायक और आशा बहू को भी चेतावनी दी गई। पीएम आवास के अपात्र कुलदीप से किस्त की वसूली कराने के निर्देश ब्लॉक के अधिकारियों को दिए। समीक्षा में डीसी मनरेगा ने कहा कि वित्तीय वर्ष खत्म होने में तीन माह ही शेष बचे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष काम को पूरा करा लिया जाए। इसमें कतई लापरवाही न बरती जाए। अमृत सरोवर सहित अन्य कार्यों का काम समय से पूरा कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।