रायबरेली। पति को पत्नी की हत्या किए जाने का कोई पछतावा नहीं है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी ने उसे इतना परेशान कर दिया था कि वह तंग आ चुका था। वह उसकी हत्या करना चाहती थी। इसलिए उसने उसे मौत के घाट उतार दिया। रविवार को पुलिस ने उसको सलाखों के पीछे भेज दिया।
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के मनगढ़ गांव निवासी धीरज पांडेय की शादी करीब चार साल पहले प्रतापगढ़ जिले के ही नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसई गांव की रहने वाली अनुपमा पांडेय (25) के साथ हुई थी। शनिवार को धीरज ने पत्नी अनुपमा की रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी।
हत्या करने के बाद वो स्वयं जहानाबाद चौकी पहुंच गया था। कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि आरोपी की पूछताछ से घटना में प्रयुक्त किए गए आला कत्ल को भी बरामद कर लिया गया है। उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में उसे वारदात को अंजाम दिए जाने का कोई अफसोस नहीं था। उसका कहना था कि वह उसे नहीं मारता तो पत्नी उसे मार देती है। इसलिए मैंने उसे मार दिया।