कक्षा पांच, आठ व 10 उत्तीर्ण करने वाले बच्चों का प्रवेश जरूरी
रायबरेली। नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों से कक्षा पांच, आठ और 10 उत्तीर्ण करने वाले शत-प्रतिशत बच्चोें का दाखिला अगली कक्षा में होना चाहिए। इसके लिए बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र के पुलिस लाइन परिसर स्थित कार्यालय में समन्वयक बैठक हुई।
बैठक में सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए। इन सभी से कहा गया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक के बाद स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली भी निकाली गई। समन्वय बैठक में स्कूल चलो अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र सुरेंद्र प्रताप ने स्कूल चलो अभियान के तहत परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और ड्राॅपआउट बच्चों को वापस स्कूल की मुख्य धारा से जोड़ने की बात कही। उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिये मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि समेत अन्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक करने को कहा।
पीएमश्री राजकीय इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य रत्नेश कुमार ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज की प्रधानाचार्य स्मिता मिश्रा, जीजीआईसी देवानंदपुर की प्रधानाचार्य बरखा भारती सिंह, एमजीआईसी के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट दिनेश कुमार, वैदिक इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य श्याम नारायण सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। भरोसा दिलाया कि सभी बच्चों का दाखिला स्कूलों में कराएंगे।
एकेडमिक रिसोर्स पर्सन आशीष तिवारी और अमिता पांडेय ने नवीन नामांकन के बारे में जानकारी दी। संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के नगर अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने किया। इस मौके पर डाॅ. शांती अकेला, दीपशिखा, पूनम यादव, संदीप दीक्षित, शोएब हसन, सुजाता दास आदि मौजूद रहे।