रायबरेली। ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत निधि से कराए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना को अब तक ऑनलाइन न किए जाने का मामला गरमा गया है। समीक्षा में 31 मार्च तक पूरा होने वाला काम अब तक अधूरा मिलने पर पंचायतीराज विभाग के उप निदेशक ने सभी 18 खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी दी है। तत्काल कार्ययोजना भारत सरकार की वेबसाइट पर अपलोड न कराए जाने पर कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति किए जाने की चेतावनी दी है। उप निदेशक का पत्र आने के बाद ब्लॉकों में हड़कंप मच गया है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में क्षेत्र पंचायत निधि से ब्लॉकों में कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के आदेश दिए गए थे। यह कार्ययोजना तैयार करके भारत सरकार की वेबसाइट पर बीती 31 मार्च तक अपलोड कर देना चाहिए था, लेकिन खंड विकास अधिकारियों की लापरवाही के कारण शासन की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। शासन स्तर पर हुई समीक्षा में पाया गया कि जिले के किसी भी ब्लॉक से क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना को अब तक ऑनलाइन नहीं कराया गया है।
मामले में गंभीर रुख अपनाते हुए उप निदेशक पंचायतीराज गिरीशचंद्र ने महराजगंज, बछरावां, शिवगढ़, जगतपुर, ऊंचाहार, सलोन, छतोह, बछरावां सहित सभी 18 खंड विकास अधिकारियों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी करके लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने बीडीओ को तत्काल कार्ययोजना को ऑनलाइन कराने के आदेश दिए हैं। समय से कार्ययोजना अपलोड न कराए जाने पर कार्रवाई के लिए शासन को लिखापढ़ी करने की चेतावनी दी है। उप निदेशक पंचायतीराज का कहना है कि 31 मार्च तक काम पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक कार्ययोजना को भारत सरकार की वेबसाइट पर अपलोड नहीं कराया गया है।