रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बृहस्पतिवार को प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से गर्भाशय ग्रीवा व स्तन कैंसर की जांच और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शिविर में महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा और स्तन कैंसर की जांच करके बचने के उपाय बताए गए। सभी को स्तन कैंसर के प्रारंभिक संकेतों पर ध्यान देने की जरूरत के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रमुख डॉ. वंदना वर्मा ने गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से निपटने के लिए निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने नियमित जांच, एचपीवी टीकाकरण और प्रारंभिक चेतावनी संकेतों के बारे में बताया।
डॉ. पारुल सिन्हा ने शुरुआती निदान में पैप स्मीयर टेस्ट और वीआई के साथ दृश्य निरीक्षण की प्रभावशीलता पर जोर दिया। डॉ. बनश्री नाथ ने कैंसर के निदान के मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक प्रभाव के बारे में जानकारी दी। जनरल सर्जरी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रौनक ने स्तन कैंसर के बारे में जागरूक किया।