लालगंज (रायबरेली)। एसपी श्लोक कुमार ने कहा कि क्षेत्र के नशे के लिए चयनित गांवों में जिला समाज कल्याण की ओर से नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। नशा मुक्ति निगरानी समिति का गठन कर गांव के युवाओं पर नजर रखी जाएगी। बीट कांस्टेबल व प्रभारी समिति के लोगों से मिलकर युवाओं को नशे से मुक्त कराने में मदद करेंगे। एसपी कोतवाली के वार्षिक निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
एसपी ने महिला हेल्प डेस्क के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर शुभारंभ दिया। इसके बाद उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, बीट वितरण रजिस्टर व कार्यालय रजिस्टर का अवलोकन किया। डेस्क पर तैनात महिला पुलिस आरक्षियों से आने वाली शिकायतों को लेकर जानकारी ली।
बाद में बैरक व मेस का बारीकी से निरीक्षण किया। बैरक की सीढ़ियों पर पान की पीक देखकर नाराजगी व्यक्त की। प्रभारी निरीक्षक को बैरक में रहने वाले पुलिसकर्मियों पर बैरक की साफ सफाई रखने की जिम्मेदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
करीब तीन घंटे तक रुक कर उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार मिश्र, सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे।