डीह (रायबरेली)। सलोन ब्लॉक क्षेत्र के किसानों की फसलों को बचाने के लिए बघौला गांव में गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को एसडीएम सालिगराम, प्रधान प्रतिनिधि अरविंद मौर्य ने भूमिपूजन किया।
छुट्टा मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए किसानों को दिन रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। किसान काफी दिनों से मवेशियों संरक्षण के लिए गोशाला बनवाए जाने की मांग कर रहे थे। किसानों की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सलोन क्षेत्र के बघौला गांव में गोशाला का निर्माण कराने की कार्ययोजना तैयार की। गांव में बनने वाली गोशाला में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। चार बीघे में बनने वाली गोशाला में 300 मवेशियों को रखने की क्षमता होगी।
किसान रामनेवाज, राजेश कुमार यादव, जितेंद्र कुमार, मनीराम तिवारी ने बताया कि गोशाला बनने से रतजगा नहीं करना पड़ेगा। एसडीएम ने भूमि पूजन करने के बाद जल्द गोशाला का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर लेखपाल सुनील कुमार, चंदधर, सुमंत पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी मनीष श्रीवास्तव मौजूद रहे।