बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह टोल प्लाजा के पास बेकाबू पिकअप ने पुलिस की जिप्सी में जोरदार टक्कर मार दी। इससे जिप्सी के पास खड़े दरोगा व चार सिपाही घायल हो गए। इसमें से तीन पुलिस कर्मियों की अधिक चोटें लगीं हैं। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।
सोमवार सुबह हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राजेश बिंदल को लखनऊ सेे प्रयागराज जाना था। चीफ जस्टिस की सुरक्षा डयूटी के लिए पुलिस लाइन रायबरेली से पुलिस एस्कॉर्ट भेजी गई थी। निगोहां स्थित टोल प्लाजा के पास पुलिस कर्मी गाड़ी खड़ी करके चीफ जस्टिस का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही पिकअप ने खड़ी पुलिस जिप्सी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जिप्सी के बगल में खड़े दरोगा शिवाजी सिंह, हेड कांस्टेबल रामदास, कांस्टेबल अनूप कुमार, आलोक कुमार शर्मा, फूलचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फूलचंद्र, आलोक कुमार शर्मा, शिवाजी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि पिकअप चालक को पकड़ लिया गया है। प्रतिसार निरीक्षक अजमेर सिंह ने बताया कि चीफ जस्टिस के पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया था। जानकारी होने पर तत्काल दूसरी पुलिस एस्कॉर्ट मौके पर भेजी गई।