रायबरेली। लखनऊ की चिकनकारी हो या वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के बने खिलौने हों या फिर घास से बने सामान। ऐसे ही तमाम उत्पाद नजर आएंगे राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में 30 एवं 31 जनवरी को लगने वाले क्राॅफ्ट बाजार में, जहां हस्तशिल्प और हथकरघा की कारीगरी देखने को मिलेगी। साथ ही निफ्ट की फैशन डिजाइनिंग भी देख सकेंगे। आम जनता के लिए बाजार में 30 स्टाल सजाए गए हैं। उत्पादों को देखने और उनकी खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लुत्फ ले सकेंगे।
दो दिवसीय क्राॅफ्ट बाजार में 30 स्टॉल सजेंगे, जिनमें 21 स्टालों पर विभिन्न जिलों से आने वाले 40 हस्तशिल्प व हथकरघा के कारीगर अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। पांच स्टालों पर निफ्ट के फैशन कम्युनिकेशन, फैशन मैनेजमेंट, एक्सेसरी डिजाइन, फैशन डिजाइन एवं फैशन टेक्नाेलाॅजी विभाग के छात्र-छात्राएं अपने हाथों तैयार उत्पादों को सजाएंगे। बाकी चार स्टाल खानपान एवं मनोरंजन से भरपूर होंगे, जो बाजार में आए लोगों को लजीज व्यंजनों का स्वाद चखाने के साथ उनका मनोरंजन करेंगे।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पुरस्कार प्राप्त कई कारीगरों के साथ विभिन्न जिलों के हस्तशिल्पी आ गए हैं। राज्य पुरस्कार प्राप्त चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा ने छात्र-छात्राओं को लकड़ी से खिलौने बनाना सिखाया। क्राॅफ्ट समन्वयक उज्ज्वल बैनर्जी ने बताया कि वाराणसी, निजामाबाद, बरेली, फिरोजाबाद, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, आजमगढ़, फतेहपुर सीकरी, फरूखाबाद, इलाहबाद से कारीगर आए हैं। बाजार में 20 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
छात्र-छात्राओं ने किया अभ्यास
दोनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। निफ्ट के छात्र-छात्राएं संस्थान के मुक्त सभागार में एकल नृत्य, समूह नृत्य, गीत-संगीत से भरपूर कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। पिछले कई दिनों से अभ्यास कर रहे हैं। रविवार को भी पूरा दिन रिहर्सल करते रहे। साथ ही निफ्ट परिसर को सजाने का काम पूरा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।