लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के ऐहार गांव में संकट मोचन बैडमिंटन क्लब की ओर से नवीं प्रांत स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन मैच के ओपन सिंगल्स के बालक वर्ग में प्रखर व सोहन तो बालिका वर्ग में नंदिनी और सुनिधि सिंह ने रोमांचक मुकाबलों में सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेविका सुधा द्विवेदी ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। ओपन सिंगल प्रतियोगिता के पहले मैच में ऐहार के प्रखर में 11-11 अंकों के दो सेटों में कुलदीप को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दूसरी छोर से लखनऊ के सोहन ने लालगंज के पीयूष को पराजित किया। जबकि बालिका वर्ग में नंदिनी सोनकर ने जाह्नवी यादव को पराजित कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित कर लिया। वहीं दूसरी ओर से सुनिधि सिंह ने मांडवी शुक्ला को बेहद कम अंतराल से पराजित किया।
जूनियर्स की अंडर-15 में अनमोल ने राज को पराजित कर अपना स्थान बनाया। जबकि आराध्य ने अंश मिश्रा को पराजित किया। इस दौरान स्कोरर की भूमिका में चेतन तिवारी तो निर्णायक सुनील रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र मोहन त्रिपाठी, विराट द्विवेदी और गौरव शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता के आयोजक अखिलेश कुमार पांडे ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष प्रतियोगिता में लखनऊ, कानपुर, बछरावां, ऊंचाहार, रायबरेली स्टेडियम, लालगंज, एमसीएफ सहित क्षेत्रीय खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आकर्षण द्विवेदी, मयंक शुक्ला, राजा शुक्ला, आयुष पांडेय, आलोक तिवारी, धीरेंद्र मिश्रा, जितेन्द्र मिश्रा, गोविंद, उद्देश्य शुक्ला, वैभव शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।