बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक शनिवार को एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। हद तो तब हो गई, जब मौके पर पहुंची पुलिस घरवालों को सूचना दिए बगैर ही शव जिला मुख्यालय लेकर जाने लगी।
जानकारी होने पर ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने बाइक से पुलिस की गाड़ी का पीछा कर शव को जिला मुख्यालय ले जाने से रोक दिया। शव को वापस सीएचसी लाया गया।
पुलिस के रवैये से गुस्साए लोगों ने बछरावां कोतवाली का घेराव किया। कोतवाल समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनोें ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
बछरावां के देवपुरी निवासी मुकेश कुमार उर्फ पिंटू (26) अपने ट्रैक्टर से किराए पर मिट्टी ढोता था। डेढ़ वर्ष पहले ही उसका विवाह इसिया गांव की सीमा के साथ हुआ था।
उसके अभी बच्चे नहीं थे। शुक्रवार शाम वह गांव में ही मिट्टी ढो रहा था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। पत्नी सीमा ने बताया कि उसके बाद वह घर पहुंचा और घर से बाइक लेकर टोडरपुर के लिए चला गया।
देर रात घर न पहुंचने पर पत्नी सीमा व भाई रामदीन, रामकिशोर, रामसनेही, महेश और पिता ने फोन मिलाया तो उसका फोन स्विच ऑफ बता रहा था। काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह पिंटू का शव टोडरपुर गांव स्थित एक खेत में पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान भी थे। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को लोडर पर लादकर सीधे जिला मुख्यालय ले जाने लगी।
सूचना के बाद घटनास्थल पर जब परिजन पहुंचे तो वहां शव न पाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी शव को लेकर चार किलोमीटर दूर पहुरावां गांव के पास ही पहुंचे थे, तभी परिजन ग्रामीणाें के साथ दोपहिया वाहनों से वहां पहुंच गए और शव को वापस सीएचसी ले आए।
इसके बाद घरवालों और ग्रामीणों ने बछरावां कोतवाली का घेराव करके प्रदर्शन किया। पत्नी सीमा और भाइयों, पिता का आरोप है कि पिंटू की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है।
घरवालों का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश भी नहीं है। पता नहीं पिंटू की हत्या किसने कर दी। कोतवाल जगदीश यादव ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ घटना की जांच, बल्कि घरवालों के बयान दर्ज किए।
बछरावां क्षेत्र में ट्रैक्टर मालिक की हत्या की गई है या फिर उसकी मौत की असल वजह कुछ और है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घरवालों की तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई कराई जाएगी। विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक