डीह (रायबरेली)। किसान की हत्या में शामिल पूर्व प्रधान समेत तीन आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने किसान का अपहरण करने के बाद उसे कुएं में धकेलकर मारा था।
डीह थाना क्षेत्र के सुरजूमऊ मजरे लोधवारी गांव निवासी सर्वेश कुमार (22) की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। वह रविवार शाम से खेत से गायब हुआ था। सोमवार को उसका शव खेत के पास स्थित कुएं में मिला था।
परिवारीजनों ने सर्वेश की हत्या करके शव को कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया था। मृतका की मां फूलमती ने गांव के ही ग्राम प्रधान पति संजय यादव, उसके भाई अजीत और विनोद के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसान की मौत की वजह पानी में डूबने से आई थी। थानेदार राकेश सिंह यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान, उसके भाई समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि अपहरण करने के बाद मृतक युवक को कुएं में धकेल दिया था। इससे उसकी कुएं में गिरने से जान चली गई थी।