रायबरेली। सलोन कोतवाली पुलिस ने आठ साल बाद हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा। एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सलोन क्षेत्र के शिव सेवक का पुरवा मजरे ममुनी गांव निवासी मदनलाल ने 25 फरवरी 2012 को एफआईआर दर्ज कराई थी कि विपक्षियों ने नाली विवाद में उसके भाई छेदीलाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन तब से अब तक मुख्य आरोपी फरार था।
एसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। कोतवाल पंकज त्रिपाठी को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव के पास आरोपी श्यामू घूम रहा है। इस सूचना पर कोतवाल ने टीम के साथ पहुंचकर उसे दबोच लिया। एसपी का कहना है कि घटना में शामिल एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।