रायबरेली में शुक्रवार को जीआईसी के पास बारिश से होकर निकलते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
मानसून के आने के साथ ही बारिश ने भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिले भर में झमाझम बारिश तो कहीं पर रिमझिम पानी की बूंदे पड़ी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहे, तो कुछ पल के लिए तेज धूप भी निकली। इससे लोगों को गर्मी और उमस से भी जूझना पड़ा। बारिश होते ही किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
आषाढ़ माह में मानसून तेजी पकड़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से छिटपुट और कभी तेज बारिश से उमस बढ़ गई थी। वहीं शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान शहर के अलावा डीह, परशदेपुर, सलोन, खीरों, ऊंचाहार आदि क्षेत्रों के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
पानी के बूंदों का सिलसिला रुक-रुक कर पूरे दिन चलता रहा। विद्यालयों में छुट्टी होने पर बच्चों को छाते के नीचे सिर छिपाना पड़ा। बारिश होने से गर्मी से जूझ रहे लोगों ने भी राहत की सांस ली वहीं किसानों के मुरझाए चेहरों पर खुशी छा गई।
खासतौर पर धान के किसानों ने राहत की सांस ली है। किसान रामसागर यादव, शुभम, पुत्तन सिंह, चंद्रशेखर शुक्ला का कहना है कि अब धान की रोपाई में तेजी आएगी। किसान विजयकांत, लाखन सिंह, रघुबर दयाल, राजेश कुमार, आिद का कहना है कि बारिश ने किसानों के संजीवनी दी है।