महराजगंज-इन्हौंना मार्ग पर कैर गांव के पास बाईपास की मरम्मत करती जेसीबी।
महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज-इन्हौंना मार्ग पर कैर गांव के पास बने बाईपास की मरम्मत के बाद छोटे वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया गया है। इससे लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिली है। भारी वाहनों का आवागमन अभी प्रतिबंधित है।
कैर गांव के पास से निकले नैय्या नाले पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। वाहनों को आने-जाने के लिए बगल से बाईपास बनाया गया था। चार अगस्त को बारिश के दौरान नैय्या नाला उफनाने से बनाया गया वैकल्पिक बाईपास क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से चार पहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। इससे वाहन चालकों को दूसरे रास्ते से होकर निकलना पड़ रहा था।
लोगों की सहूलियत के लिए बाईपास की मरम्मत कराकर छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया है। लोक निर्माण के जेई ओपी गौड़ ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए मरम्मत के बाद छोटे वाहनों को आने-जाने का रास्ता बना दिया गया है। अभी भारी वाहनों के आने-जाने से रोका गया है।