पूरे परसा मजरे भीख गांव में रविवार देर शाम बिजली गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि किशोर झुलस गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब तीनों खेत जा रहे थे। घटना की जानकारी से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के साथ मौके पर पुलिस पहुंची। झुलसे किशोर को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पूरे परसा मजरे भीख गांव निवासी ललित कुमार किसान है। उसकी पत्नी कांती देवी (40), बेटा कुलदीप कुमार और संदीप कुमार (14) तीनों देर शाम खेत जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया।
मौसम गड़गड़ाने के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली गिर गई, जिससे कांती देवी और उसके बेटे कुलदीप कुमार की मौके पर मौत हो गई। बेटा संदीप कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग पहुंचे। आननफानन संदीप को सीएचसी जगतपुर भिजवाया गया।