ऊंचाहार। एनटीपीसी परियोजना ने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत जिला कारागार में निरुद्ध महिलाओं के लिए मूंज शिल्पकला कौशल प्रशिक्षण शुरू किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को मूंज के उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका से जोड़ना है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने एनटीपीसी परियोजना की इस पहल की सराहना की।
डीएम ने कहा कि एनटीपीसी बिजली उत्पादन के साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करती है। बताया कि इस प्रयास से महिलाएं प्रशिक्षण लेकर स्वावलंबी बनेंगी। वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होंगी। इस दौरान परियोजना के प्रशिक्षु अधिकारियों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
एनटीपीसी प्रमुख वीएम सिंह ने प्रशिक्षण की जानकारी दी। बताया कि यह प्रशिक्षण तीन महीने तक चलेगा।प्रतिभागियों को मूंज से विभिन्न उपयोगी एवं सजावटी उत्पाद बनाने की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर सीडीओ अंजुलता, जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, जेलर हिमांशु रौतेला व पंकज अरोरा आदि मौजूद रहे।