सिपाही ने वारदात की सूचना कोतवाल श्रीराम को दी, लेकिन वो मौके पर नहीं पहुंचे। गुरुवार सुबह प्रकरण की जानकारी एसपी श्लोक कुमार को हुई तो उन्होंने कोतवाल को फटकार लगाई। एसपी की फटकार के बाद कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सिपाही की पत्नी की तहरीर पर महराजगंज कस्बे के गांधी नगर निवासी मनीष, पंकज, रामकरण, शिवा, सत्यम, विपिन और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और लूटपाट करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसमें से आरोपी शिवाकांत, विपिन को पकड़ लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
सिपाही की पत्नी के साथ छेड़खानी और फिर दंपती के साथ मारपीट की घटना ने पुलिसिंग व्यवस्था को शर्मसार कर दिया है। वारदात के बाद कोतवाल श्रीराम ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मौके पर भी नहीं पहुंचे। कोतवाल के खिलाफ कुछ पुलिस कर्मी महराजगंज कोतवाली परिसर में धरने पर बैठने वाले थे। इस बीच कुछ वरिष्ठ पुलिस कर्मियों ने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसपी के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई प्रक्रिया में तेजी दिखाई।
महराजगंज कोतवाल जहां भी तैनात रहे, वहां विवादित रहे। इसको लेकर लोगों ने विराध भी जताया। कप्तान ने भी कई बार चेतावनी दी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। डलमऊ में तैनाती के दौरान ट्रक चालकों से अवैध वसूली किए जाने के मामले में वह विवादित रहे। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने उन्हें कई बार फटकार लगाकर कार्रवाई की चेतावनी दी, लेकिन उनके रवैये में कभी सुुधार नहीं हुआ।
सिपाही की पत्नी के साथ छेड़खानी किए जाने और दंपती से मारपीट व लूटपाट की वारदात को गंभीरता से लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। दो आरोपी पकड़े गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कोतवाल की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। - श्लोक कुमार, एसपी