सीओ सिटी सुशील कुमार की अगुवाई में तीन थानों की फोर्स ने मकान को खंगाला, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा। एमएलसी के भाई गणेश सिंह के खिलाफ हरचंदपुर थाने में दुराचार के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार हाथ-पैर मार रही है। मंगलवार को एमएलसी के नेवाजगंज स्थित आवास और राइसमिल में छापेमारी की थी तो गणेश सिंह की तलाश में बुधवार को फोर्स फिरोज गांधी कॉलोनी स्थित एमएलसी के मकान में पहुंच गई।
सीओ सिटी के नेतृत्व में सदर कोतवाली, भदोखर और मिल एरिया थाने की फोर्स ने मकान के हर कमरे की तलाश की। एएसपी राम मूरत यादव ने बताया कि एमएलसी के भाई की गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पर छापा मारा गया था, लेकिन गणेश सिंह नहीं मिला। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।